प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण किया। यह स्थल बसंतकुंज योजना क्षेत्र में लगभग 65 एकड़ क्षेत्रफल में निर्मित है और इसका डिजाइन कमल के आकार का है। इस परियोजना के निर्माण पर लगभग 232 करोड़ रुपये की लागत आई है। लोकार्पण समारोह में करीब 1.5 लाख लोगों के शामिल होने का अनुमान लगाया गया।

प्रेरणा स्थल

राष्ट्र प्रेरणा स्थल की प्रमुख विशेषता यहां स्थापित 65 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमाएं हैं। इनमें डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाएं शामिल हैं। लोकार्पण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के साथ केंद्रीय रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, अन्य वरिष्ठ मंत्री, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

प्रधानमंत्री के दौरे और लोकार्पण कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंध किए गए। राष्ट्र प्रेरणा स्थल के आसपास स्थित 126 विद्यालयों को कार्यक्रम के दिन बंद रखा गया और उनके भवनों का उपयोग प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं के लिए किया गया। इससे छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके निर्देश दिए गए।

यातायात व्यवस्था के तहत आज रात 12 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक लखनऊ शहर के कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू रहा। मलिहाबाद चौराहा, मुंजासा तिराहा और बाजनगर किसान पथ जैसे क्षेत्रों में सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की गई। हालांकि एम्बुलेंस, फायर सर्विस, स्कूली वाहन और शव वाहन को छूट दी गई। बाहरी जिलों से आने वाले भारी वाहनों को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई और उन्हें वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया। ट्रैफिक से संबंधित जानकारी के लिए कंट्रोल नंबर 9454405155 जारी किया गया।

Leave a Comment