जैसे-जैसे साल 2025 अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच रहा है, हर तरफ जश्न और खुशियों का माहौल बनता जा रहा है। इसी बीच साल के सबसे बड़े और पसंदीदा त्योहारों में से एक क्रिसमस कल मनाया जाएगा। 25 दिसंबर को पड़ने वाले इस खास मौके पर देश के ज्यादातर राज्यों में स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी का ऐलान किया गया है। बच्चों के लिए यह समय सिर्फ सांता क्लॉज और गिफ्ट्स का नहीं, बल्कि पढ़ाई से थोड़ी राहत पाने का भी है।
क्रिसमस की आधिकारिक छुट्टी
25 दिसंबर 2025 (गुरुवार) को क्रिसमस के मौके पर केंद्र और राज्य सरकारों ने सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इसके चलते दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब समेत देश के अधिकतर हिस्सों में सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे। वहीं, कई ईसाई मिशनरी और कॉन्वेंट स्कूलों में तो 24 दिसंबर से ही छुट्टियां शुरू हो चुकी हैं।
विंटर वेकेशन की शुरुआत
विंटर वेकेशन की शुरुआत भी मानी जा रही है। राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली के कुछ स्कूलों ने क्रिसमस की छुट्टी को सीधे शीतकालीन अवकाश से जोड़ दिया है। उदाहरण के तौर पर, राजस्थान में माध्यमिक शिक्षा विभाग के कैलेंडर के अनुसार 25 दिसंबर से विंटर वेकेशन शुरू होकर नए साल के पहले हफ्ते तक चलता है।
अभिभावकों के लिए जरूरी सलाह
स्कूल बंद रहने की खबरों के बीच अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे अपने बच्चों के स्कूल प्रशासन या आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप से छुट्टियों की पुष्टि जरूर कर लें। हालांकि 25 दिसंबर की छुट्टी लगभग हर जगह तय है, लेकिन कुछ राज्यों में भीषण ठंड और कोहरे को देखते हुए छुट्टियों की अवधि बढ़ाई भी जा सकती है।क्रिसमस का यह अवकाश सिर्फ धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि छात्रों के लिए मानसिक रूप से तरोताजा होने का मौका भी देता है। खासकर बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए यह समय अपने पेंडिंग सिलेबस को पूरा करने और रिवीजन करने का बेहतरीन अवसर साबित हो सकता है।